जलालपुर कस्बे में स्थित महिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं बेपटरी हैं। यहां की चिकित्सकों के अवकाश पर चले जाने के बाद कटेहरी से महिला चिकित्सक की ड्यूटी लगाई गई है, लेकिन मंगलवार को ओपीडी का समय खत्म होने से पहले ही वल चली गईं। इस पर यहां आई मरीजों ने आक्रोश जताया। कोई सुनवाई न होने पर मरीजों को बिना इलाज के ही लौटना पड़ा। महिला अस्पताल में तैनात डॉ. रमा के अवकाश पर चले जाने के कारण यहां पर कटहरी से डॉ. शालिनी पांडेय को नियुक्त किया गया है। मंगलवार को करीब एक बजे ही वह उठ गईं। कुछ मरीजों को गाड़ी में बैठे-बैठे देखा, फिर उन्हें बुधवार को आने के लिए कहा। इस दौरान महिला आरती देवी, अनुष्का, मालती, रेनू त्रिपाठी इलाज से वंचित रह गईं। महिलाओं ने बताया कि अस्पताल पर इलाज के लिए ओपीडी खत्म होने के एक घंटे पहले ही आ गए थे, लेकिन डॉक्टर न होने के कारण इलाज नहीं हो पाया। महिलाओं ने बताया कि वह लोग करीब 20 से 25 किलोमीटर की दूरी तय करके अस्पताल पहुंची हैं। तपती धूप में इंतजार करने के बाद भी उन्हें बिना इलाज लौटना पड़ रहा। इस मामले में जब डॉ. शालिनी पांडेय ने बताया कि बच्चे की तबीयत खराब हो गई थी, इसी कारण वापस आना पड़ा है।