अहिरौली क्षेत्र के ग्राम भिउरा में मिले गाजीपुर के दो युवकों की हत्या के मामले में पूछताछ के दौरान टॉर्चर और गंभीर आरोपों से आहत होकर 16 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह शव फंदे से लटकता देखकर परिजनों में हड़कंप मच गया। परिवार के लोगों ने पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए शव ले जाने से मना कर दिया। विरोध को देखते हुए गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया। हालांकि बाद में सांसद व विधायक के आश्वासन पर परिजन माने और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया जा सका। बता दें कि बीते बुधवार की सुबह भिउरा गांव के प्राथमिक विद्यालय में दो युवकों के शव मिले थे। उसी रात दोनों की पहचान गाजीपुर के छतरपुर निवासी प्रिंस कुमार कुशवाहा व नोनहरा के आरो लालापुर निवासी मुकेश पासवान के रूप में हुई थी। परिवार के लोगों ने मृतकों के साथी सतीश निवासी गाजीपुर व एक अन्य पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। साथ ही प्रिंस की भिउरा गांव की एक लड़की से बात होने की भी जानकारी दी थी। इस पूरे घटनाक्रम के खुलासे के लिए पुलिस टीमें छानबीन कर रही थीं। बृहस्पतिवार को सतीश व एक अन्य के अलावा पुलिस ने भिउरा गांव की तीन किशोरियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। देर रात करीब एक बजे पुलिस तीनों किशोरियों को गांव छोड़ आई थी। शुक्रवार सुबह इनमें से एक 16 वर्षीय किशोरी ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो मां व अन्य परिजनों ने दस्तक दी।