जलालपुर के अशरफपुर भुआ भट्ठे के पास रविवार देर रात सड़क हादसे में आठ युवाओं की मौत की गूंज सीएम कार्यालय तक पहुंची। कटका के चितई पट्टी निवासी चालक विशाल विश्वकर्मा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साथ ही उसे हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जलालपुर इलाके के अशरफपुरभुआ वर्मा ईंट भट्ठे के पास सम्मनपुर के इटरौरा निवासी कैफी (38) की बुलेट बाइक किसी वाहन की टकराने के कारण सड़क पर गिर गई थी। कटका के सेमरा निवासी अमित (22) अपने मित्र गौतम (22) व उत्तम (23) के अलावा, जलालपुर के पट्टी निवासी लालचंद (24), सम्मनपुर के जैनापुर निवासी आदित्य (24), उनके छोटे भाई दिव्यांशु (17), कल्याणपुर निवासी साहिल (32), इंद्रेश (30) व सिकंदरपुर निवासी राजू गुप्ता (30) ने भी बाइकें रोककर मदद शुरू की थी। इसी दौरान जलालपुर से अकबरपुर की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार इन्हें रौंदते हुए गड्ढे में जाकर फंस गई थी। हादसे में लालचंद, उत्तम, दिव्यांशु, आदित्य, कैफी, इंद्रेश, साहिल और राजू को मृत घोषित कर दिया था। इस हादसे के बाद सोमवार रात ही पुलिस ने चालक राजेश विश्वकर्मा को हिरासत में ले लिया था। मामले में कटका के पट्टी गांव के फेंकू और सम्मनपुर के जैनापुर गांव के मायाराम की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूछताछ में चालक ने बताया कि अचानक लाइट पड़ने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े लोगों को रौंदते हुए गड्ढे में फंस गया था। सात घरों के बुझ गए चिराग, मातम में डूबा पूरा इलाका हजपुरा (अंबेडकरनगर)। जलालपुर इलाके के अशरफ में रविवार की मनहूस रात हुआ सड़क हादसा लोगों की जिंदगी में ऐसा दर्द छोड़ गया, जिसे शायद ही कभी भुलाया जा सके। भीषण सड़क हादसे ने देखते ही देखते सात घरों की खुशियां छीन लीं। जहां कल तक हंसी-खुशी गूंजती थी, वहां आज सन्नाटा पसरा है। हर आंगन में चीखें हैं, हर आंख में आंसू हैं और हर मन में एक ही सवाल-आखिर कसूर किसका था? पीछे छूट गए हैं सिर्फ आंसू, यादें और एक ऐसा खालीपन जिसे कोई कभी भर नहीं पाएगा। इस बीच मंगलवार को कल्याणपुर के इंद्रेश और साहिल के शवों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कराया गया।