अकबरपुर के लोहिया भवन में मंगलवार को शिक्षामित्रों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें शामिल हुए कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा कि शिक्षामित्रों का मानदेय सरकार ने बढ़ाया है। पिछली सरकारों पर केवल राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया। उन्होंने हाल ही में हुए तीन राज्यों के चुनाव में जनता को बधाई दी। बंगाल चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल चुनाव में दबंगई से लोगों को अपंग बनाते थे। ये लोग फर्जी वोट नहीं डाल पाए, इसलिए परेशान हो रहे हैं। विपक्ष ने ईवीएम से बेईमानी से जीतने के सवाल पर निषाद ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को भी सदन से इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि वे भी ईवीएम से ही जीतकर गए हैं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के महिला आरक्षण को 2027 के चुनाव से पहले लागू करने की मांग पर उन्होंने कहा कि सपा ने पहले इसका विरोध किया था, और अब वे इसकी मांग कर रहे हैं।