राजेसुल्तानपुर थाने में एक विवाद के मामले हिरासत में लिए गए देवरिया बुजुर्ग निवासी युवक अंकित तिवारी को थर्ड डिग्री देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस ने युवक को बिना कैमरे वाले कमरे में ले जाकर बेरहमी से पीटा और शिकायत करने पर दोबारा पिटाई करने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार सोमवार को मारपीट के एक विवाद के सिलसिले में पुलिस उन्हें थाने ले गई थी। यहां एक कमरे में बंद कर रात में कई बार तीन पुलिस कर्मियों ने बेल्ट से पिटाई की गई। युवक का कहना है कि पुलिस कर्मियों ने मानसिक रूप से भी प्रताड़ना दी। उन्हें रातभर जागने पर मजबूर किया गया और लगातार धमकाया जाता रहा। अंकित तिवारी ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 6 बजे पुलिस ने उनका शांतिभंग में चालान कर दिया। इसके बाद जब उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया जा रहा था तब भी पुलिसकर्मियों ने कथित रूप से उन्हें चेतावनी दी कि यदि उन्होंने कहीं शिकायत की तो उन्हें गंभीर धाराओं में फंसा दिया जाएगा। घटना से आहत युवक ने पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत दर्ज कराई है और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में अभी तक पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।