हंसवर थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुर-मईपुर गांव में सोमवार रात करीब 8 बजे अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान घरों में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया और एक गैस सिलेंडर फटने से आग और विकराल हो गई। आग की चपेट में आने से साधु राजभर, राजन, ओमप्रकाश और अच्छेलाल राजभर समेत कई परिवारों को भारी नुकसान हुआ। ग्रामीणों के अनुसार गृहस्थी का अधिकांश सामान जल गया। घटना में रीता पत्नी गंगाराम गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें उपचार के लिए भेजा गया है। आग से दो भैंसें भी बुरी तरह झुलस गईं, जिनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी की हालत गंभीर बताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की गाड़ी लगभग एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक गांव के लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास कर स्थिति को काफी हद तक नियंत्रित किया। बाद में पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। घटनास्थल पर पुलिस की 112 टीम मौजूद रही। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।