अंबेडकरनगर में महरुआ थाना क्षेत्र के कुड़ी बरामद तिराहे के पास एक सड़क हादसे में जनसेवा केंद्र संचालक की मौत हो गई। महरुआ थाना क्षेत्र के सारंगपुर निवासी सतीश यादव उर्फ हनुमान (24) मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे अपनी बाइक से बरामदपुर जा रहे थे। कुड़ी बरामदपुर तिराहे पर पहुंचने पर महरुआ की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सतीश के सिर में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने घायल सतीश को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सतीश यादव को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन सहित मौके से भाग निकला। मृतक सतीश जनसेवा केंद्र का संचालन करते थे। महरुआ थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया था, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले में अन्य विधिक कार्यवाही कर रही है।