यूपी के अंबेडकरनगर में चार दिन पूर्व आर्केस्ट्रा के दौरान हुए विवाद की रंजिश में शुक्रवार रात एक युवक को दबंग उठा ले गए। देर रात वह निर्वस्त्र अवस्था में गंभीर रूप से घायल गांव किनारे पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और परिवार के लोगों ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। घटना टांडा कोतवाली इलाके के पकड़ी भोजपुर गांव की है। गांव निवासी संजय यादव उर्फ तेगा (40) शुक्रवार को अपने परिवार के साथ रिश्तेदार रामकिशोर की बेटी की शादी में सम्मनपुर क्षेत्र में बरियावन के पास एक मैरिज हाल में आया था। रात करीब 12 बजे संजय शादी के कार्यक्रम से लापता हो गए। बाद में पता चला कि कुछ लोग उसे जबरदस्ती अपने साथ उठा ले गए हैं। रात करीब 2.30 बजे परिवार के लोगों को सूचना मिली कि संजय खून से लथपथ गांव किनारे पड़ा है। सूचना पर डायल 112 पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। संजय के हाथ-पैर टूटे थे। संवेदनशील अंगों पर भी प्रहार किया गया था। मरणासन्न अवस्था में उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर लाया गया। वहां कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।