अंबेडकरनगर में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। कहा कि वे देश के हितैषी नहीं हैं और प्रधानमंत्री की कुर्सी हथियाने के लिए दुष्प्रचार का सहारा लेते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश के दुश्मनों के साथ फोटो खिंचवाते हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि देश का दुर्भाग्य है कि राहुल गांधी जैसे गैर-जिम्मेदार नेता मिला। उनको अहंकार छोड़कर प्रधानमंत्री से सीखना चाहिए। दरअसल, लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी केंद्र सरकार को अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते पर लगातार घेर रहे हैं। इसी के साथ वो लगातार टैरिफ का मुद्दा भी उठा रहे हैं। एक दिन पहले जहां राहुल गांधी ने किसान संघ के नेताओं से मुलाकात की थी। ट्रेड डील को लेकर पीएम मोदी और भाजपा सरकार पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया। वहीं, एक वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि इस व्यापार समझौते से देश का टेक्सटाइल उद्योग पूरी तरह से नष्ट हो जाएगा।