अंबेडकरनगर में तमसा नदी के किनारे खुले में डंप किए जा रहे कूड़े को हटाने की प्रक्रिया बृहस्पतिवार को शुरू हो गई है। अमर उजाला डिजिटल पर खबर चलने के बाद नगर पालिका प्रशासन हरकत में आया और नदी किनारे जमा कूड़े को हटाने की कार्रवाई शुरू करा दी। उर्दू बाजार स्थित छोटे पुल के पास करीब 50 मीटर क्षेत्र में लंबे समय से नगर का कूड़ा डंप किया जा रहा था। बारिश के दौरान प्लास्टिक, पॉलीथीन और अन्य ठोस अपशिष्ट बहकर सीधे तमसा नदी में पहुंच रहे थे, जिससे नदी प्रदूषित हो रही थी। कूड़े से उठने वाली दुर्गंध और गंदे रिसाव से आसपास के लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस मुद्दे को अमर उजाला ने डिजिटल प्लेटफार्म पर प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद बृहस्पतिवार सुबह नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी व वाहनों की मदद से नदी किनारे पड़े कूड़े को हटवाना शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में तमसा नदी के किनारे दोबारा कूड़ा डंप नहीं किया जाएगा। एमएलसी प्रतिनिधि कृष्ण गोपाल गुप्ता ने कहा कि नदी किनारे कूड़ा डंप करना नगर पालिका की गंभीर लापरवाही थी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक धन का सही उपयोग करते हुए स्थायी व्यवस्था की जानी चाहिए। वहीं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष आनंद जायसवाल ने नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि नगर में अब भी कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हैं। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। ईओ जलालपुर अरविंद कुमार ने बताया कि नदी के किनारे से कूड़ा हटवाया जा रहा है। सभी सफाई कर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित स्थलों पर ही कूड़ा डंप करें।