फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंबेडकरनगर में फरियादों का अंबार, समाधान अब भी दूर, संपूर्ण समाधान दिवस में छलका लोगों का दर्द

अंबेडकरनगर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस एक बार फिर लोगों की उम्मीदों और व्यवस्था की हकीकत के बीच का फर्क उजागर कर गया। आलापुर में जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने अधिकारियों के साथ फरियादियों की समस्याएं सुनीं, जबकि जलालपुर में एसडीएम मधुमिका सिंह और सीओ अनूप कुमार सिंह ने जन शिकायतें सुनीं। लेकिन सबसे ज्यादा गूंज उन लोगों की आवाज रही, जो वर्षों से एक ही शिकायत लेकर तहसील और समाधान दिवस के चक्कर काट रहे हैं। आलापुर और जलालपुर दोनों तहसीलों में सबसे अधिक शिकायतें राजस्व और भूमि विवादों से जुड़ी रहीं। कई फरियादियों ने अधिकारियों के सामने साफ कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद न तो जांच पूरी होती है और न ही समस्या का स्थायी समाधान निकलता है। इससे उन्हें हर महीने संपूर्ण समाधान दिवस में फिर वही शिकायत लेकर आना पड़ता है। सबसे भावुक तस्वीर कालेपुर महुवल से आई, जहां करीब 70 महिलाएं गांव के रास्ते की मांग को लेकर सामूहिक रूप से समाधान दिवस पहुंचीं। महिलाओं ने बताया कि रास्ता न होने से बरसात में गांव से निकलना मुश्किल हो जाता है। एसडीएम के आश्वासन के बाद महिलाएं फिलहाल वापस लौट गईं, लेकिन उनकी निगाहें अब कार्रवाई पर टिकी हैं। पिंडोरिया गांव की दिव्यांग पूर्णिमा पांडेय की पीड़ा भी कम नहीं थी। दोनों पैरों से दिव्यांग पूर्णिमा ने बताया कि सामुदायिक रास्ते पर जलभराव और रास्ते की मरम्मत के लिए वह चार बार शिकायत दे चुकी हैं, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि हर बार सिर्फ आश्वासन मिलता है और उन्हें फिर तहसील का चक्कर लगाना पड़ता है। वहीं गौरा मोहम्मदपुर दससेरा निवासी ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि चकमार्ग पर विपक्षियों ने अवैध कब्जा कर रखा है। इस संबंध में वह तीन बार तहसील दिवस में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कब्जा आज भी बरकरार है। रामपुर दुबे निवासी रोहित ने भी गांव का खड़ंजा उखाड़े जाने की शिकायत दोहराई। उनका कहना था कि बरसात में ग्रामीणों का निकलना मुश्किल हो गया है। इस मामले में वह पांच बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कार्रवाई अब तक नहीं हुई।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें