अंबेडकरनगर में यूपी बोर्ड हाईस्कूल की पहली पाली में सामाजिक विज्ञान की परीक्षा गुरुवार को संपन्न हुई। परीक्षा सुबह 8:30 बजे से शुरू होकर 11:45 बजे तक चली। जिले भर के परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की गई। परीक्षा देकर बाहर निकले छात्र-छात्राओं ने बताया कि प्रश्नपत्र संतुलित रहा। अधिकांश प्रश्न पाठ्यक्रम से ही पूछे गए थे, जिन्हें हल करने में अधिक कठिनाई नहीं हुई। हालांकि कई छात्र-छात्राएं मानचित्र आधारित प्रश्नों को भरने में कुछ समय तक उलझे रहे। विद्यार्थियों का कहना था कि लघु उत्तरीय और दीर्घ उत्तरीय प्रश्न अपेक्षाकृत सरल थे, जिससे उन्हें पेपर पूरा करने में आसानी हुई। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी की समुचित व्यवस्था रही। जिले में बोर्ड परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और आगामी परीक्षाओं को भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारी की गई है।