शहर के मुट्ठीगंज इलाके के तिलक रोड पर प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की ओर से नाला निर्माण कराने के लिए गड्ढा खोदकर छोड़ देने के कारण जनजीवन और कारोबार दोनों प्रभावित हो रहा है। साढ़े पांच मीटर चौड़ी सड़क के दोनों तरफ नाला निर्माण के लिए जेसीबी से गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है। इसके बाद ठेकेदार ने काम बंद करा दिया। इसके चलते आवागमन के साथ ही कारोबार प्रभावित हो रहा। जेसीबी से खोदाई के चलते घरों में जाने वाली मेन पाइप लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे जलापूर्ति बाधित हो गई है। पीडीए के कर्मचारियों ने वैकल्पिक व्यवस्था के लिए दूसरी पाइप लाइन तो लगाई लेकिन उसकी गुणवत्ता और मोटाई इतनी कम थी कि लगने के कुछ दिन बाद ही कई जगह से क्रैक हो गई, इससे घरों में कीचड़ और सीवर युक्त पानी पहुंच रहा है।