भारतीय किसान यूनियन की मंगलवार को ‘डेरा डालो, घेरा डालो’ किसान सम्मान महापंचायत में जिले के हजारों किसान ट्रैक्टरों के हुजूम के साथ पहुंचे। पत्थर गिरजाघर स्थित धरनास्थल पर किसानों ने कृषि, बिजली, उर्वरक, भूमि अधिग्रहण, लावारिस पशुओं और ग्रामीण विकास से जुड़ी समस्याओं को लेकर दोपहर 12 से चार बजे तक प्रदर्शन किया। किसानों से वार्ता के लिए दोपहर करीब 3:30 बजे एसडीएम सिटी सत्यम मिश्रा और डीसीपी मनीष शांडिल्य धरनास्थल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने किसानों की प्रमुख मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। महापंचायत के बाद पीएम मोदी के नाम प्रशासन के माध्यम से 15 सूत्री ज्ञापन सौंपा गया।