कैंट थाना क्षेत्र के चौफटका इलाके में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे चल रहे लोगों को रौंद दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।
मृतक की पहचान प्रीतमनगर निवासी रोहित कुशवाहा (40) के रूप में हुई है। हादसे में घायल हुए लोगों में विद्याभूषण (52) निवासी करछना, मंजू (40) निवासी कर्बला, सुनील कुमार (40) निवासी कर्बला और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। सभी को एंबुलेंस की मदद से तत्काल कॉल्विन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब 8:30 बजे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे पैदल जा रहे लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
घटना में घायल संजय ने बताया कि वह अपनी 12 और 10 साल की दो बेटियों को स्कूल छोड़कर लौट रहे थे, तभी अचानक स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि उनका दाहिना पैर टूट गया।
हादसे की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों को अस्पताल भिजवाया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। फिलहाल पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।