गंगीरी के गांव मलसई में 3 मई की रात करीब दस बजे घर पर कूलर और पंखे का तार इंवर्टर में जोड़ते समय एक युवक घर में प्रवाहित हुई हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आ गया। इससे गंभीर रूप से झुलसे युवक को परिवार वाले अस्पताल ले गए लेकिन जान नहीं बच सकी। 16 दिन पहले ही उसकी शादी हुई थी। घटना से गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद बिजली घर और फिर सड़क पर शव रखकर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस से भी कुछ नोकझोंक हुई।