आगरा में परिषदीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक चल रही वार्षिक परीक्षाएं 24 मार्च को समाप्त हो जाएंगी। पहले ये परीक्षाएं 20 मार्च तक खत्म होनी थीं, लेकिन कक्षा 5 और 8 की कुछ परीक्षाएं निरस्त होने के कारण कार्यक्रम आगे बढ़ाना पड़ा। बदले हुए कार्यक्रम के बीच अब शिक्षा विभाग का पूरा ध्यान समयबद्ध तरीके से मूल्यांकन कर परिणाम जारी करने पर है। परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जा रही हैं। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक चल रही हैं। अब मूल्यांकन के लिए समय और सीमित हो गया है, जिससे शिक्षकों के सामने कार्य का दबाव बढ़ गया है। अब परीक्षा समाप्त होते ही कॉपियों की जांच शुरू की जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गोंड ने बताया कि 30 मार्च तक परिणाम घोषित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए सभी विद्यालयों में मूल्यांकन कार्य एक साथ शुरू कराया जाएगा और करीब 8000 शिक्षक इसमें लगाए जाएंगे। विभागीय स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं, ताकि परीक्षाएं खत्म होते ही मूल्यांकन गति पकड़ सके और निर्धारित समय पर विद्यार्थियों को उनका परिणाम मिल सके।