आगरा के सिकंदरा चौराहे पर जाम से निजात दिलाने के लिए फ्लाईओवर का निर्माण होगा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) की टीम फ्लाईओवर के लिए सर्वे कर रही है। सर्वे पूरा होेने के बाद रिपोर्ट बनाकर डिजाइन तय की जाएगी। यहां पर मेट्रो परियोजना पूरी होने के बाद फ्लाईओवर निर्माण का काम शुरू होगा। एनएचएआई सब्जी मंडी से सिकंदरा चौराहे से आगे तक फ्लाईओवर बनाएगा। इसके लिए एनएचएआई और उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) की टीम चरणबद्ध सर्वे कर रही है। इसमें सिकंदरा स्मारक को देखते हुए बारीकी से सर्वे हो रहा है। हाईवे पर मेट्रो के लिए एलिवेटेड ट्रैक भी बन रहा है। इसका अंतिम स्टेशन सिकंदरा ही है। ये दिसंबर तक बनने की उम्मीद है। इसके बाद एनएचएआई फ्लाईओवर की डिजाइन तय करेगी। दरअसल, मेट्रो परियोजना से पहले 85 करोड़ रुपये में ये फ्लाईओवर बनना था, लेकिन एलिवेटेड ट्रैक के कारण पुराना प्रस्ताव रद्द करते हुए नए सिरे से डिजाइन बनाई जाएगी। एनएचएआई के घटना प्रबंधक दीपक खटाना ने बताया कि अभी फ्लाईओवर के लिए अलग-अलग बिंदुओं से सर्वे हो रहा है। अंतिम रिपोर्ट के बाद ही डिजाइन तय होगी। अगले साल से निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।