आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में जवाहर पुल के नीचे यमुना में डूबे दो किशोरों का 24 घंटे बाद भी कुछ पता नहीं लग सका है। इनकी तलाश में पुलिस और गोताखोर लगे हैं। जवाहर पुल के नीचे सोमवार की शाम यमुना नदी में डूबे हर्षित (14) और राहुल (15) की तलाश दूसरे दिन भी जारी रही, लेकिन देर शाम तक उनका कुछ पता नहीं चल सका। हादसे के बाद से ही दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। वे लगातार नदी किनारे डटे हैं। हर गुजरते घंटे के साथ उनकी उम्मीदें कमजोर होती जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि गोताखोरों की मदद से गहराई में तलाश की जा रही है और किशोरी के तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।