आगरा के खेरागढ़ तहसील सभागार में शुक्रवार को लेखपाल संघ एवं समस्त राजस्वकर्मियों की ओर से एसडीएम नरेंद्र गंगवार का स्थानांतरण होने पर भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। कर्मचारियों ने नरेंद्र गंगवार को साफा बांधकर और फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित कर विदाई दी। वहीं नवागत (ज्वाइंट मजिस्ट्रेट)एसडीएम आईएएस हेमंत कुमार का भी साफा बांध कर फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। समारोह में वक्ताओं ने नरेंद्र गंगवार के करीब चार माह के कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों की सराहना की। विदाई के दौरान संबोधित करते हुए नरेंद्र गंगवार भावुक हो गए। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताते हुए कहा कि नौकरी में स्थानांतरण एक प्रक्रिया है, लेकिन इस दौरान मिलने वाला अनुभव और लोगों का प्यार स्नेह जीवनभर याद रहता है। खेरागढ़ से उनका लगाव हमेशा बना रहेगा।