आगरा। परिषदीय विद्यालयों में मनमानी पर जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ने 122 शिक्षकों और कर्मचारियों का वेतन रोक दिया है। 21 अप्रैल से 20 मई तक जिला व ब्लॉक स्तरीय टॉस्क फोर्स ने प्रेरणा निरीक्षण एप के माध्यम से निरीक्षण किया था। कार्रवाई के दायरे में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, प्रधानाध्यापक व शिक्षणेत्तर कर्मचारी शामिल हैं। ये बिना सूचना के विद्यालयों से गायब थे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार गोंड ने बताया कि टास्क फोर्स ने शमसाबाद, फतेहपुर सीकरी, खेरागढ़, पिनाहट, जगनेर, फतेहाबाद, एत्मादपुर, अछनेरा, बरौली अहीर, बिचपुरी, खंदौली, जैतपुर कलां, खंदौली, सैंया, नगर क्षेत्र के विद्यालयों में निरीक्षण किया था। यहां शिक्षक नहीं मिले थे। इसी तरह धमेना, नगला बंजारा, धरैरा, दाउवली, भगवतपुरा, लोहागढ़, खेड़ा नवादा, पूठा झील, लखुरानी, कसोटी, रनकता-2, मोहम्मदगढ़, नगला केसरिया, मजहटिला, सिंहारपुर, उस्मानपुर, अरनोटा, खेड़ा कोरई, बरारा, गढ़रपुरा, सीहोरगढ़, गढ़ी गजेंद्र, खसपुर, मेहरा नाहर और राजेंद्र नगर समेत दर्जनों विद्यालयों में कर्मचारी काम पर नहीं मिले थे।