आगरा में नगर निगम की टीम ने बुधवार को अतिक्रमण के खिलाफ राजामंडी से किदवई पार्क तक अभियान चलाकर पिज्जा के दर्जनों काउंटर, लोहे के खोखे और बेंच जब्त किए। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि शिकायत मिल रही थी कि सड़क किनारे अवैध रूप से लगी दुकानों और ठेलों से मार्ग पर रोजाना जाम की स्थिति रहती है। क्षेत्र में चल रहे नाला निर्माण कार्य में भी यह बाधा बन चुका था। कई बार चेतावनी देने के बाद भी अवैध कब्जे नहीं हटाए गए, जिसके चलते कार्रवाई की गई। टीम ने सड़क पर बने अवैध निर्माण, अस्थायी स्टॉल और रास्ते तक फैले काउंटरों को भी हटवाया गया है। उन्होंने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा।