रिछोहा और गुंगावद के बाद अब पिपरैठा व उसर्रा से सटी अरावली की पहाड़ियों पर तेंदुओं की चहलकदमी का दावा किया जा रहा है। शनिवार शाम सोशल मीडिया पर एक तेंदुआ घूमने का वीडियो वायरल होने के बाद आस-पास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में एक शावक सहित दो वयस्क तेंदुए देखे गए हैं, जो भोजन-पानी की तलाश में आबादी की तरफ रुख कर सकते हैं। सूचना पर वन विभाग के अधिकारी सम्यक कैन के निर्देश पर राजवीर सिंह, रामकुमार दीक्षित, वाइल्ड लाइफ एसओएस और थाना प्रभारी सुभाष चंद की पुलिस टीम ने प्रभावित इलाकों में संयुक्त गश्त शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है।