संक्रामक रोगों को थामने के लिए हाईलेवल मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट बन रही है। इसकी एडवांस लैब में संक्रामक बीमारियों की जांच होगी। नमूनों को दिल्ली-पुणे भेजने की जरूरत नहीं पड़ेगी। विशेषज्ञ वायरस-बैक्टीरिया पर शोध कर कोविड जैसी महामारी को रोकने के लिए माइक्रोप्लान बनाएंगे। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत लखनऊ, वाराणसी और आगरा के लिए यूनिट मंजूर हुई है। इसका बजट करीब 10 करोड़ रुपये है। दिल्ली के राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र की निगरानी में संचालन होगा। नगर निगम इसका नोडल विभाग है। इसमें संक्रामक रोग विशेषज्ञ और पशु चिकित्सक और टेक्नीशियन की नियुक्ति होगी। बीएसएल-टू लैब भी बनेगी, जिसमें 50 से अधिक संक्रामक रोगों के साथ पशुओं से होने वाली बीमारियों की भी जांच होगी। नगर निगम के चिकित्सा प्रभारी डॉ. संजीव वर्मा ने बताया कि संक्रामक रोगों की समय पर जांच से भविष्य में होने वाली महामारी को रोका जा सकेगा। कोठी मीनाबाजार के पास यूनिट का निर्माण हो रहा है। करीब छह महीने ये पूरा हो जाएगा।