आगरा। एमजी रोड पर हरीपर्वत पुलिया के चौड़ीकरण का कार्य अभी शुरू नहीं हुआ है। इसी एमजी रोड से मेट्रो ट्रेन का एलिवेटेड ट्रैक गुजर रहा है। इसके लिए बीच में डिवाइडर बनने से ये और संकरी हो जाएगी। इससे यातायात बाधित होगा और जाम की स्थिति और भयावह हो जाएगी। मेट्रो का दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक बन रहा है। ये एलिवेटेड है और इसमें 14 स्टेशन हैं। इस कॉरिडोर की दूरी करीब 16 किमी है। एलिवेटेड ट्रैक में सड़क के बीच में तीन फीट का डिवाइडर भी है। हरीपर्वत पुलिया की चौड़ाई करीब 25 फीट है। इसके नीचे से रेलवे लाइन गुजर रही है। इसमें तीन फीट का डिवाइडर भी बनने के बाद रास्ता और संकरा हो जाएगा। सामान्य दिनों में भी यहां जाम के हालात रहते हैं, ऐसे में पुलिया के बीच में डिवाइडर बनने के बाद ये स्थिति और बदतर हो जाएगी। इस पुलिया के चौड़ीकरण को 8.10 करोड़ रुपये मंजूर हो चुके हैं। एक साल से इसका निर्माण कार्य रुका हुआ है। रेलवे की मंडल परिचालन प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिया का सर्वे और बजट बनाकर लोक निर्माण विभाग को भेज दिया है। इसका खर्च लोक निर्माण विभाग और निर्माण रेलवे करेगा। अभी तक इसकी धनराशि प्राप्त नहीं हुई है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन के उप महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा ने बताया कि पुलिया चौड़ीकरण के लिए रेलवे और लोक निर्माण विभाग से संपर्क किया जा रहा है। जल्द निर्माण करवाने की मांग की जाएगी, जिससे एलिवेटेड ट्रैक के बीच में डिवाइडर बनने से यात्रियों को दिक्कत न हो।