आगरा के फतेहाबाद रोड के राजदेवम परिसर में 23 से 29 जुलाई तक श्रीमद्भागवत कथा होनी है। बुधवार को श्रीश्याम परिवार सेवा ट्रस्ट ने कलश यात्रा निकाली। विजय नगर के श्रीराधाकृष्ण मंदिर से शुरू होकर जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर तक पहुंची यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। जगह-जगह इनका पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। मुख्य यजमान राजकुमार गुप्ता ने पत्नी राधा के सिर पर प्रथम कलश स्थापित किया। बैंड-बाजों की धुन, जयघोष और भजन-कीर्तन के बीच यात्रा ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भगवान श्रीगणेश की आकर्षक झांकी और श्याम बाबा का सुसज्जित डोला आकर्षण का केंद्र रहे। अलवर से आए सीताराम बाबा ने इसे सजाया था। यात्रा के समापन पर खाटू श्याम मंदिर में पूजा-अर्चना भी की गई। आयोजन समिति के मुताबिक, जया किशोरी प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करेंगी। इस दौरान विकास मांगलिक, अनिल कुमार गुप्ता, विनीत मांगलिक, ऋषिक मांगलिक, अर्पित गुप्ता, जयश्री मांगलिक, अंजू मांगलिक, तनु मांगलिक, आकांक्षा गुप्ता, अनीता गुप्ता, आदि की मौजूदगी रही।