आगरा | यात्रियों को 15 जुलाई से बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। रेलवे ने गाजियाबाद-टूंडला दैनिक ईएमयू (12 कोच) का संचालन अस्थायी रूप से आगरा सिटी स्टेशन तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। इससे आगरा सिटी, यमुना ब्रिज, छलेश्वर, एत्मादपुर और टूंडला के यात्रियों को गाजियाबाद व बीच के स्टेशनों के लिए सीधा रेल संपर्क मिलेगा। गाजियाबाद से चलने वाली ट्रेन दोपहर 12:45 बजे आगरा सिटी पहुंचेगी, जबकि वापसी में आगरा सिटी से दोपहर 2:20 बजे रवाना होकर शाम 7:50 बजे गाजियाबाद पहुंचेगी। आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि गाड़ी संख्या 64167 गाजियाबाद से सुबह 6:10 बजे रवाना होकर सुबह 11:25 बजे टूंडला पहुंचेगी और 11:35 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद 11:47 बजे एत्मादपुर, 12:05 बजे छलेश्वर, 12:13 बजे यमुना ब्रिज होते हुए दोपहर 12:45 बजे आगरा सिटी पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 64168 आगरा सिटी से दोपहर 2:20 बजे रवाना होकर 2:35 बजे यमुना ब्रिज, 2:43 बजे छलेश्वर, 3:01 बजे एत्मादपुर और 3:30 बजे टूंडला पहुंचेगी। यहां से 3:40 बजे प्रस्थान कर शाम 7:50 बजे गाजियाबाद पहुंचेगी।