आगरा के थाना मलपुरा पुलिस और सर्विलांस टीम ने शुक्रवार की रात मुठभेड़ के दौरान चोरी की घटनाओं में शामिल चार बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक कृष्ण विहार कॉलोनी जाखोड़ा निवासी सुनीश शर्मा ने 4 मई को थाना मलपुरा में तहरीर दी थी। बताया था कि 3 मई की रात उनके घर में चोरी हुई थी। चोर कीमती सामान चोरी कर ले गए। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। शुक्रवार रात पुलिस और सर्विलांस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। तभी इटौरा-जारूआ कटरा मार्ग पर संदिग्ध बदमाश की मौजूदगी की सूचना पर घेराबंदी की गई। एसीपी खेरागढ़ प्रीता के अनुसार पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग की। इस दौरान पुलिस ने भी जवाब में गोलियां चलाई। गोली लगने से श्रवण उर्फ राजू उर्फ बिहारी घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। घायल को इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, तमंचा और कारतूस बरामद किए। घायल बदमाश की निशानदेही पर कबूलपुर अंडरपास के पास से पुलिस ने सुमित पिपलानी, दीपक मौर्या और रमेश कालिया उर्फ मामा को पकड़ा। इन आरोपियों के पास से एक कार,चोरी में प्रयुक्त दो लोहे के सब्बल, मोबाइल फोन तथा चोरी का सामान बिक्री करते हुए जुटाए गए 1 लाख 24 हजार रुपये मिले। पुलिस के मुताबिक आरोपी अलग-अलग जिलों एवं अलग-अलग थानों में सक्रिय गिरोह से जुड़े हैं। इनके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले में प्राथमिकी दर्ज हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि मुख्य घायल आरोपी श्रवण उर्फ राजू उर्फ बिहारी,ग्राम बिझौनी थाना मधुबनी बिहार का निवासी है। उसके खिलाफ लूट, डकैती और चोरी समेत करीब 19 प्राथमिकी दर्ज हैं। वहीं दीपक मौर्या निवासी शारदा विहार, जगदीशपुरा पर करीब 16 आपराधिक प्राथमिकी दर्ज हैं। अन्य आरोपी रमेश कालिया उर्फ मामा निवासी सब्जी मंडी जगदीशपुरा हैं, जिसके खिलाफ करीब 14 प्राथमिकी दर्ज हैं। वहीं सुमित पिपलानी निवासी कुतुब विहार दिल्ली का रहने वाला है।