खाद्य विभाग ने मिलावटी और नकली सामग्री को पकड़ने के लिए बुधवार को भी अभियान चलाकर पनीर, गुजिया का नमूना लेकर जांच के लिए लैब भेजा है। विक्रेताओं को बरसात में साफ-सफाई का विशेष ध्यान देने के लिए भी हिदायत दी है। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि टीम ने पडुआपुरा पिनाहट में कुलदीप परिहार के प्रतिष्ठान से पनीर, लज्जाराम वासुदेव गुजियावाले चंबल रोड से गुजिया का नमूना लिया है। पुरानी मंडी ताजगंज स्थित मां पीतांबरा डेयरी से पनीर का नमूना लिया है। इनकी जांच लैब में कराई जा रही है। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने बताया कि कुकथला में शिव कुमार के निर्माण इकाई से 200 किलो पनीर और मिश्रित दूध को नष्ट कराया था। पनीर में दुर्गंध आ रही थी और दूध में मक्खी-मच्छर पड़े हुए थे। यहां 40 किलो घी भी मिला, जो दूध से क्रीम निकालकर बनाया था, इसी दूध से पनीर बनाया जा रहा था। इनके नमूनों की जांच कराई जा रही है। गंदगी मिलने पर संचालक को सुधार के लिए नोटिस भी दे रहे हैं।