आगरा के खंदौली में सेमरा रोड पर शुक्रवार की रात मोहल्ला व्यापारियन निवासी एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। हमले में घायल युवक की मां ने प्रधान समेत 9 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं प्रधान ने घटना को फर्जी और रंजिशन उसे फंसाने की बात कही है। मोहल्ला व्यापारियन निवासी ताहिर शुक्रवार की रात 9 बजे वह अपने निजी कार्य से जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में दशरथ अपने साथियों नेमीचंद, विजय, भूरा निवासी कंजौली, प्रधान खंदौली राजकुमार उर्फ राजू, विष्णु जुरेल, कौशल निवासी खंदौली, अतुल, कपिल सहित अन्य लोगों के साथ वहां पहुंच गए। सभी ने घेर कर सरिया, लाठी-डंडों और पत्थरों से जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। आरोप है कि इस दौरान दशरथ ने गले में साफी से फंदा डालकर कस दिया और जान से मारने की धमकी दी। हमले में ताहिर गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख पुकार पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर भाग निकले। वहीं, प्रधान राजकुमार उर्फ राजू का कहना है कि पूरा घटनाक्रम झूठा है। घटना के समय वह मौके पर ही मौजूद नहीं थे। रंजिश के चलते उन्हें और उनके परिवार को फंसाने के लिए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्रधान सहित 9 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।