आगरा के पश्चिमपुरी बोदला निवासी मधुर जैन (51) के निधन के बाद परिजन ने हेल्प आगरा के सहयोग से नेत्रदान कराया। एसएन मेडिकल कॉलेज की नेत्र बैंक प्रभारी डॉ. शेफाली मजूमदार ने बताया कि जल्द दो नेत्रहीनों के एक-एक कॉर्निया लगाई जाएगी। अध्यक्ष सुरेंद्र जैन, नेत्रदान प्रभारी प्रतीक जैन, गौतम सेठ, नंदकिशोर गोयल ने अन्य लोगों से भी नेत्रदान अभियान से जुड़ने की अपील की। वहीं, ट्रांस यमुना कॉलोनी निवासी राकेश अग्रवाल (61) की आंखों से दो नेत्रहीन दुनिया देख सकेंगे। उनके निधन के बाद परिजन टीटू ने श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी से संपर्क कर एसएन मेडिकल कॉलेज की नेत्र बैंक प्रभारी डॉ. शेफाली मजूमदार और काउंसलर दीपक शर्मा के सहयोग से नेत्रदान कराया। जल्द ही दो नेत्रहीनों को एक-एक कॉर्निया लगाई जाएगी। कमेटी के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, महासचिव राजीव अग्रवाल, विष्णु जैन, नंदकिशोर गोयल ने अन्य लोगों से भी नेत्रदान अभियान से जुड़ने की अपील की।