आगरा में दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) के आगरा जोन में वेतन बनाने वाले बाबू ने सातवें वेतन आयोग का बकाया बताकर करीब दो करोड़ रुपये का अतिरिक्त भुगतान अपने साथ दो अन्य बिजलीकर्मियों के खाते में करवा दिया। डीवीवीएनएल में ऑडिट के दौरान ज्यादा एरियर जारी होने की बात सामने आने पर उच्चाधिकारियों ने जांच कराई तो मामला पकड़ में आ गया। जांच के बाद आरोपी बाबू को निलंबित कर दिया गया है। आगरा जोन के मुख्य अभियंता कपिल सिंधवानी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से आय-व्यय के ऑडिट का काम चल रहा था। लेखाकार ने तीन लोगों को सामान्य से ज्यादा राशि का एरियर दिखाकर भुगतान किए जाने की जानकारी दी।