सावन के चौथे सोमवार पर आगरा के प्राचीन पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ा हुआ है। दर्शन की बारी के लिए भक्त घंटो लाइन में खड़े होकर इंतजार कर रहे हैं। हाथों में जल का लोटा, बेल पत्र और फूल माला लेकर सभी भक्त अपने आराध्य पृथ्वीनाथ महादेव की शिवलिंग पर अर्पित करने को उत्सुक दिखाई दे रहे हैं। भीड़ का आलम यह है कि मंदिर के प्रवेश द्वार से आधा किलोमीटर तक तीन-तीन लाइन लग चुकी हैं। मंदिर में जगह-जगह खड़े कार्यकर्ता भक्तों को बारी-बारी से प्रवेश करा रहे हैं। इसके अलावा मंदिर के आसपास मेले के तहत तमाम झूले और खेल खिलौने की दुकान भी सज गई हैं। पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाकर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया है। ऐसे में दो पहिया और चार पहिया वाहनों को भी मंदिर के रास्ते पर प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।