पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर जारी किए गए पोस्ट को लेकर विवाद शुरू हो गया है। सोमवार को समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और गांधीवादी लोगों ने पोस्ट में सावरकर का फोटो गांधी के ऊपर लगाने व अन्य स्वतंत्रता सेनानियों का फोटो नीचे लगाने के विरोध में धरना प्रदर्शन किया । यमुना ब्रिज स्थित गांधी स्मारक में धरना सभा आयोजित की गई। जहां समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने कहा कि इस कृत्य के लिए प्रधानमंत्री को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए, यदि वह माफी नहीं मांगते तो यह माना जाएगा गांधी का अपमान सरकार के इशारे पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांधी को दुनिया के 100 देशों में पूजा जाता है। जबकि सावरकर ने अंग्रेजों से माफी मांगकर वजीफा पाया था। ऐसे व्यक्ति की तुलना कभी गांधी से नहीं हो सकती।