क्रिसमस पर्व पर सुबह से ही शहर के प्रमुख गिरजाघरों में विशेष प्रार्थनाओं, धन्यवाद मिस्सा तथा धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम आरम्भ हो गया। ईसाई समाज के लोगों में उत्सव और आनंद का माहौल देखने को मिला। रोशनी की चादर से ढके कई गिरजाघरों की खूबसूरती ने सभी को आकर्षित कर लिया। लोगों ने मोमबत्ती जलाकर प्रार्थना की, झांकियों को निहारने के साथ सेल्फी लेते नजर आए। कई बच्चे सेंटा की ड्रेस में गिरजाघर पहुंचे। रस्म के अनुसार पारंपरिक केक का वितरण किया गया। सेंट पॉल्स चर्च, सेंट पीटर्स चर्च, सेंट क्लेयर्स चर्च, सेंट जॉर्जेस चर्च सहित शहर के सभी चर्चों में सुबह से क्रिसमस की खुशियां मनाने के लिए गिरजाघर में लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। रंगबिरंगी रोशनी से जगमगाते चर्च सद्भाव का संदेश देते हुए प्रतीत हो रहे थे। सांस्कृतिक आयोजनों में प्रभु यीशु के जन्म की नाट्य प्रस्तुतियों ने धार्मिक आस्था को मजबूती देने का काम किया।