आगरा के जैतपुर में ससंघ पहुंचे आचार्य सौभाग्य सागर का सानिध्य प्राप्त करने के लिए एवं ऋषभदेव रथोत्सव में शामिल होने के लिए शनिवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। रथ यात्रा पर पुष्प वर्षा की गई। आस्था और भक्ति से सराबोर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। प्रथम तीर्थंकर भगवान श्री 1008 ऋषभदेव (आदिनाथ) प्रभु के मोक्ष कल्याणक महोत्सव के अवसर पर श्री ऋषभदेव रथोत्सव की शुभ शुरुआत श्री दिगम्बर जैन महामृत्युंजय तीर्थक्षेत्र, चम्बल तट स्थित ग्राम उदी (जिला इटावा) से हुई। शनिवार को रथ के साथ आचार्य सौभाग्य सागर ससंघ जैतपुर पहुंचे। रथोत्सव के स्वागत सम्मान के लिए जैन श्रद्धालु उमड़ पड़े। रथोत्सव एवं मोक्ष कल्याणक महोत्सव की आध्यात्मिक ऊर्जा एवं धर्म प्रभावना में डूबे श्रद्धालुओं ने रथ यात्रा पर पुष्प वर्षा की। भगवान ऋषभदेव के तप, त्याग, अहिंसा, मोक्ष मार्ग के दिव्य संदेश की गूंज सुनाई दी। जैतपुर से कचौराघाट, जसवंतनगर, सेंमरा, सिरसागंज, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद, कोटला होते हुए रथ यात्रा मरसल गंज फरिहा पहुंचेगी। जहां पर मोक्ष कल्याणक महोत्सव मनाया जाएगा। दर्शन, पूजन, पुष्प वर्षा करने वालों में मुकेश जैन, सनत जैन, विमलेश जैन, मनोज जैन, अशोक जैन, गोल्डी जैन, प्रिंस जैन, चीनू जैन, विशाल जैन, सचिन जैन, राहुल बजाज, नीरज जैन, रिषभ जैन, संगीता, नीतू जैन, सरिता, सुनीता जैन, कोमल जैन, नेहा, बबीता जैन, बबली, संध्या जैन, दीक्षा, खुशी, नेंसी जैन आदि रहे।