हर्ष फायरिंग करना कुछ युवकों को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर चार वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना 4 दिसंबर की है। ग्राम बिझामई, थाना बमरौली कटारा निवासी रवि पुत्र धर्मेंद्र की शादी के अवसर पर घुड़चढ़ी कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों राइफल व बंदूक से कई राउंड हर्ष फायरिंग की। इसके चार वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। एसीपी फतेहाबाद अनिल कुमार ने थाना बमरौली कटारा पुलिस को केस दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने गौरव पुत्र रमाकांत, रामखिलाड़ी, गंगाराम पुत्रगण संतोष कुमार, शशांक उर्फ कान्हा पुत्र गंगाराम, संजय जसावत पुत्र रामखिलाड़ी निवासीगण ग्राम बिझामई और अभिषेक धाकरे पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी कुंडौल थाना डौकी के खिलाफ केस दर्ज किया। आरोपी अभिषेक धाकरे और संजय जसावत पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि गौरव और रामखिलाड़ी की लाइसेंसी राइफल से हर्ष फायरिंग की गई थी। पुलिस ने दोनों राइफलें बरामद कर ली हैं।