आगरा के न्यू आगरा थाना क्षेत्र के वीर नगर, दयालबाग में शुक्रवार दोपहर मासूम सगे भाई-बहन पर कार चढ़ा देने के आरोपी पवन कुमार को अदालत ने जेल भेज दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल छह वर्षीय स्नेहा की तबीयत में सुधार आने पर उसे एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। शुक्रवार दोपहर वीर नगर में दादी बैकुंठी के साथ खोखे पर बैठे चार वर्षीय प्रदीप और उसकी बहन छह वर्षीय स्नेहा को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने टक्कर मारी थी। दादी की गोद में ही नर्सरी के छात्र प्रदीप की मौत हो गई थी। गंभीर घायल स्नेहा को निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। लोगों ने कार चालक बसेरा एन्क्लेव निवासी राहुल कुमार और उसके साथ बैठे दो युवकों को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया था। पिता छोटू कुमार की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या समेत गंभीर आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई। परिजन ने हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए थाने के गेट पर शव रखकर प्रदर्शन किया था। शनिवार सुबह थानाध्यक्ष परिजन के पास पहुंचे। उन्हें लगाई गई धाराएं समझाईं। इसके बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। वहां से जेल भेज दिया गया।