भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में रविवार को फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र में बूथों पर प्रारूप मतदाता सूची का वाचन किया गया। साथ ही नए मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के उद्देश्य से विशेष महाअभियान चलाया गया। एसडीएम किरावली नीलम तिवारी ने रुनकता, नगला लालदास, अछनेरा एवं कुकथला के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बूथ स्तर अधिकारियों द्वारा मतदाता सूची पढ़कर सुनाई गई और प्रपत्र-6, 7 एवं 8 के संबंध में की गई कार्यवाही की जानकारी दी गई। उपजिलाधिकारी ने बूथ स्तर अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। वहीं, एसडीएम नीलम तिवारी ने बताया कि इस दौरान पात्र नागरिकों से नए मतदाता पंजीकरण के लिए प्रपत्र-6 भरवाए गए। वहीं मतदाता सूची में नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 तथा संशोधन के लिए प्रपत्र-8 भी उपलब्ध कराए गए। बूथ स्तर अधिकारियों द्वारा मतदाता सूची का वाचन कराते हुए संबंधित प्रपत्रों पर नियमानुसार कार्यवाही की गई।