आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीएड प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर ली हैं। परीक्षा 31 मई को होगी। इसे बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी करा रहा है। परीक्षा 46 केंद्रों पर होगी। इसमें 20,910 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रवेशपत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर 21 मई से अपलोड हैं। नोडल अधिकारी डॉ. शरद चंद्र उपाध्याय ने बताया कि परीक्षा आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी के 46 केंद्रों पर आयोजित होगी। प्रत्येक केंद्र पर दो-दो पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। इनकी संख्या 92 है। केंद्रों पर 40 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 24 सेंटर प्रतिनिधि भी नजर रखेंगे। परीक्षा दो पाली में होगी। पहली पाली सुबह 9 से 12 और दूसरी पाली में दोपहर 2 से 5 बजे तक होगी। परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि अभ्यर्थी प्रवेशपत्र वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा की तैयारी के लिए 29 मई को स्वामी विवेकानंद परिसर स्थित अतिथि गृह में बैठक की जाएगी।