उत्तर प्रदेश के आगरा में वकील की आठवीं मंजिल से गिरकर मौत के मामले में पत्नी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रविवार को वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील शर्मा का शव घर पहुंचा तो पत्नी सुनीता बिलख पड़ीं। अब पति को पुलिसवालों ने मारकर मेरी मांग उजाड़ दी। अब मैं किसके सहारे जीऊंगी। जिन पुलिसवालों ने पति की जान ली है, उनको मेरे सामने लेकर आओ। देखती हूं वो क्या करते हैं। वह पति के शव से लिपट गईं। फूट-फूटकर रोती पत्नी को देखकर हर आंख नम हो गई। परिवार वालों के भी आंसू नहीं रुक रहे थे। परिवारवालों ने एसीपी हरीपर्वत आदित्य सिंह के सामने पुलिस पर कई आरोप लगाए। कहा कि आदित्य तुम बहुत सीधे हो। 40 करोड़ की जमीन में से पुलिस को चार करोड़ मिलने वाले थे। मनोज ने यह आफर पुलिस वालों को दिया था। उसे पता था कि जमीन में सुनील ही रोड़ा हैं। इसलिए उसने पुलिस से सेटिंग की। उन्हें रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। फर्जी मुकदमा दर्ज कराया।