आगरा के भावना एस्टेट स्थित प्रखर अग्रवाल मेमोरियल बैडमिंटन अकादमी रविवार को बैडमिंटन के सितारों से जगमगा उठी। अवसर था ऑल इंडिया मास्टर्स बैडमिंटन प्रतियोगिता के भव्य शुभारंभ का। इसमें ओलंपिक पदक विजेता और दिग्गज खिलाड़ी साइना नेहवाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। साइना ने जिला बैडमिंटन संघ की अध्यक्ष डॉ. बीना लवानिया और सचिव राहुल पालीवाल के साथ संयुक्त रूप से मैच का उद्घाटन किया। मैच शुरू होने से पहले अकादमी के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी। देशप्रेम और खेल भावना से ओतप्रोत इन प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद दर्शकों और मेहमानों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साइना नेहवाल ने भी बच्चों के हुनर की सराहना की और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।