आगरा। नवागत डीएम मनीष बंसल को जिला अस्पताल के एक घंटे के निरीक्षण में भारी अव्यवस्थाएं मिलीं। लंबी लाइन और मारामारी से परेशान होकर कई मरीज बेंच पर ही सो गए। वार्ड और परिसर में गंदगी पसरी हुई थी। डॉक्टर और स्टाफ बिना एप्रन के मिले। यहां तक कि रिटायर्ड हो चुके डॉक्टरों के नाम पर ही ओपीडी चल रही थी। इस पर डीएम भड़क गए और सीएमओ-प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक से रिपोर्ट तलब की है। डीएम मनीष बंसल को ओपीडी में पर्चा, दवा और डॉक्टर को दिखाने के लिए भारी अव्यवस्थाएं मिली। बेतरतीब लंबी लाइन लगी थी, जिसमें धक्कामुक्की भी हो रही थी। गर्मी से बचाव को कूलर भी नहीं लगे थे। इससे कई मरीज परेशान होकर बेंच पर ही सो गए। इस पर डीएम भड़क गए और सीएमओ-प्रमुख अधीक्षक-सीएमओ से पूछा कि गर्मी है और ये अव्यवस्थाएं हैं। पैथोलॉजी लैब, इमरजेंसी, सर्जरी विभाग, बाल रोग विभाग, हड्डी रोग विभाग, महिला वार्ड, एंटी रैबीज यूनिट और डायलिसिस सेंटर देखा। यहां पर गंदगी थी और सफाई नहीं मिली। इस पर अस्पताल मैनेजर पर नाराज होते हुए पूछा कि साफ-सफाई में ढिलाई क्यों हो रही है।