प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा जिले के भीलड़ी में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। आगरा जिले के करीब 2.93 लाख किसानों के खातों में लगभग 58.60 करोड़ रुपये पहुंचे हैं। उप कृषि निदेशक मुकेश कुमार ने बताया कि कृषि विभाग की ओर से कृषि विज्ञान केंद्र बिचपुरी में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें किसानों को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया। मुख्य अतिथि सीडीओ अमित कुमार ने किसानों को सरसों की मिनी किट वितरित की। केवीके अध्यक्ष एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राजेंद्र सिंह चौहान ने सीडीओ को केंद्र का भ्रमण कराकर कृषि अनुसंधान और गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन सलाहकार सलीम अली खां ने किया। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार, सहायक निदेशक मृदा प्रयोगशाला विकास सेठ, सहायक निदेशक मत्स्य प्रीति मौर्या और शलभ सिसौदिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।