हिमाचल प्रदेश विधानसभा में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बजट पर चर्चा का जवाब दिया। इस इस दाैरान सीएम के जवाब से असंतुष्ट विपक्षी सदस्यों ने हंगामा किया और नारेबाजी करते हुए सदन से बाहर चले गए। मुख्यमंत्री ने चार दिनों तक चली बजट पर चर्चा का जवाब देते हुए पूर्व की भाजपा सरकार के समय लिए गए कर्ज और उन्हें केंद्र सरकार से मिली विभिन्न ग्रांट का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकार ने पर्याप्त धनराशि होने के बावजूद कर्मचारियों और पेंशनरों को नए वेतनमान का एरियर नहीं दिया। चुनाव में लाभ लेने के लिए रेवड़ियां बांटीं। वर्तमान की कांग्रेस सरकार पूर्व सरकार के समय लिए गए 40,000 करोड़ रुपये के लोन का मूल और ब्याज चुकाने में ही उलझी हुई है। विपक्ष सदस्यों ने मुख्यमंत्री के इस बयान पर आपत्ति जताई। हंगामा और नारेबाजी करते हुए सदन से बाहर चले गए।