विश्व ओलंपिक दिवस के अवसर पर मंगलवार को राजधानी शिमला में हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ की ओर से मैराथन का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने सरकारी आवास ओक ओवर से हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। प्रतियोगिता में 150 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव राजेश भंडारी ने बताया कि विश्व ओलंपिक दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। शिमला में आयोजित मैराथन ओक ओवर से शुरू होकर सीटीओ चौक होते हुए इंदिरा गांधी खेल परिसर तक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। मैराथन में पुरुष और महिला वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने खिलाड़ियों को विश्व ओलंपिक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल सुविधाओं को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।