हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के माल रोड पर बुधवार दोपहर को को विंटर कार्निवल का आगाज महानाटी व सांस्कृतिक परेड के साथ हुआ। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित इस महानाटी में दो ब्लाकों की 206 महिलाएं एक साथ नाटी पर थिरकीं। इसमें शिमला शहरी ब्लॉक से 86 और मशोबरा ब्लॉक की 120 महिलाएं शामिल हैं। सभी महिलाओं ने पारंपरिक परिधान रेजटा और धाटू के साथ हिमाचल की संस्कृति प्रदर्शित की। इस दौरान स्थानीय लोगों सहित पर्यटकों ने भी नाटी में बढ़-चढ़कर भाग लिया। परेड में प्रदेश के 12 जिलों से आए सांस्कृतिक दलों ने अपनी लोक परंपराओं और वेशभूषा के साथ प्रस्तुति दी। इसके साथ ही पारंपरिक ठोडा नृत्य से दर्शकों की वाहवाही बटोरी। नौ दिन तक चलने वाले इस भव्य समारोह में देश और प्रदेश के 70 कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। संगीत, नृत्य और लोक संस्कृति के इस संगम को देखने के लिए भारी संख्या में सैलानी भी शिमला पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और हरी झंडी दिखाकर कर परेड को रवाना किया।