युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण की धुरी मानते हुए सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट राजधानी के गेयटी थियेटर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परेशान के साथ युवा प्रेरणा से राष्ट्र उत्थान विषय पर संगोष्ठी एवं युवा सम्मान समारोह का आयोजन कर रहा है। यह कार्यक्रम सुनील उपाध्याय की जयंती के उपलक्ष्य पर आयोजित किया जा रहा है जिसका उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करना और उनके योगदान को सम्मानित करना है। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के माननीय राज्यपाल कविंद्र गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित है जबकि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. नागेश ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में भाग लेंगे। ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रो. सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि संगोष्ठी के माध्यम से युवाओं में सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना को सुदृढ़ करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, ट्रस्ट के सचिव प्रो. सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं की व्यापक भागीदारी रहेगी तथा सभी से इसमें शामिल होने की अपील की गई है।