राजधानी शिमला के लोक भवन में NIFAA (नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स) की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रक्तदाताओं और विभिन्न संस्थाओं को सम्मानित किया। उन्होंने रक्तदाताओं के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का कार्य है। राज्यपाल ने कहा कि समाज में रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ाना जरूरी है, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके। उन्होंने रक्तदान अभियान को आगे बढ़ाने में जुटी संस्थाओं और स्वयंसेवियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। समारोह में रक्तदान को बढ़ावा देने, युवाओं को इस मुहिम से जोड़ने और समाज में मानव सेवा की भावना को मजबूत करने पर भी चर्चा की गई। NIFAA की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में रक्तदान के क्षेत्र में लगातार योगदान देने वाले लोगों को सम्मान देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया। सम्मानित हुए रक्तदाताओं और संस्थाओं ने इसे समाज सेवा के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।