इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय का क्षेत्रीय दीक्षांत समारोह सोमवार को इंजीनियर भवन शिमला स्थित सभागार में औपचारिक रूप से शुरू हो गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. महावीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह के दौरान 182 विद्यार्थियों को डिग्री, डिप्लोमा और प्रमाण पत्र प्रदान किए जा रहे हैं। ये सभी विद्यार्थी दिसंबर 2024 और जून 2025 सत्रांत परीक्षाओं में सफल रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में इन सत्रों के दौरान कुल 13,167 विद्यार्थी विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्तीर्ण हुए थे जिनमें से 1,510 ने दीक्षांत समारोह के लिए पंजीकरण कराया था। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, समारोह के बाद शेष पंजीकृत विद्यार्थियों को उनकी उपाधियां डाक के माध्यम से भेजी जाएंगी। मुख्य दीक्षांत समारोह दिल्ली स्थित मुख्यालय में आयोजित किया जा रहा है जिसका सीधा प्रसारण देशभर के 52 क्षेत्रीय केंद्रों में टेली कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जा रहा है। इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर 3 लाख 24 हजार से अधिक विद्यार्थियों को डिग्री, डिप्लोमा और प्रमाण पत्र प्रदान किए जा रहे हैं।